@सोनू सालवी

आलीराजपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के निर्देशन में रविवार को अलीराजपुर शहर के गायत्री शक्तिपीठ पर सर्व पितृ अमावस्या के अवसर पर सामूहिक श्राद्ध, तर्पण एवं पिंडदान संस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम प्रातः 8 से 11 बजे तक चला, जिसमें आलीराजपुर शहर सहित नानपुर, चांदपुर आदि ग्रामों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।श्राद्ध-तर्पण कार्यक्रम का संचालन वैदिक पद्धति से शक्तिपीठ के आचार्यगण श्री भूरसिंह भिण्डे और डॉ. प्रदीप कनेश ने किया।

इस दौरान देव तर्पण, ऋषि तर्पण, दिव्य मानव तर्पण, दिव्य पितृ तर्पण, यज्ञ तर्पण और मनुष्य पितृ तर्पण वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराए गए। इसके बाद पिंडदान संस्कार हुआ।गायत्री शक्तिपीठ के व्यवस्थापक संतोष वर्मा ने बताया कि स्वर्गस्थ आत्माओं की तृप्ति के लिए तर्पण तथा श्रद्धा-समर्पण के लिए श्राद्ध किया जाता है। स्थूल शरीर के नष्ट होने के बाद सूक्ष्म शरीर को भौतिक आवश्यकताएँ नहीं रहतीं, बल्कि श्रद्धा ही उनकी तृप्ति का आधार है। इसलिए पितरों की शांति और प्रसन्नता हेतु श्राद्ध एवं तर्पण आवश्यक है।कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रसन्नता व्यक्त की। संपूर्ण आयोजन की तैयारी शक्तिपीठ के ट्रस्टीगण, वरिष्ठ परिजन, युवा मंडल और महिला मंडल की बहनों ने की।

Share.
Leave A Reply

1