@सोनू सालवी

जोबट। कॉलेज ग्राउंड में जोबट विधानसभा विकास एवं कांग्रेस कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक सेना महेश पटेल ने अपने दो वर्ष के कार्यकाल का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करते हुए क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर उदयगढ़ एवं जोबट क्षेत्र के ग्रामों में 23 टैंकरों का वितरण भी किया गया।विधायक सेना महेश पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि वे राजनीति नहीं, बल्कि विकास की सोच के साथ काम कर रहे हैं।

जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया है और वे जोबट विधानसभा के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।उन्होंने बताया कि बीते दो वर्षों में 56 ग्रामों में 4.58 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत विस्तार कार्य पूरे किए गए। 40 ग्रामों में 65 लाख रुपये से अधिक की लागत से टैंकर वितरित किए गए हैं, जबकि 25 नए टैंकरों की स्वीकृति भी मिली है। कार्यक्रम के दौरान 23 टैंकरों का वितरण किया गया।विधायक ने बताया कि विद्यालयों में फर्नीचर, पानी कूलर, स्वागत द्वार, साइकिल स्टैंड एवं सीसी रोड निर्माण के लिए 54.97 लाख रुपये स्वीकृत किए गए।

अनुसूचित जनजाति विकास अंतर्गत 6 ग्रामों में कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 16 ग्रामों के प्रस्ताव प्रक्रियाधीन हैं। 45 से अधिक ग्रामों में हैंडपंप खनन कराया गया है।उन्होंने जानकारी दी कि विधायक स्वेच्छा निधि से 370 हितग्राहियों एवं 119 विद्यार्थियों को कुल 1.55 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई। राज्य वित्त आयोग मद से 7 ग्रामों में 3.66 करोड़ रुपये की लागत से पुल-पुलिया एवं सामुदायिक भवन निर्माण कराया गया।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से 8 ग्रामों में 1.50 करोड़ रुपये के भवन निर्माण कार्य किए गए।जल संसाधन विभाग के अंतर्गत 4 ग्रामों में 12.40 करोड़ रुपये की लागत से तालाब एवं बैराज निर्माण कार्य हुए। मनरेगा के तहत 59 पुल-पुलिया एवं स्टॉप डेम तथा 45 निस्तार तालाब बनाए गए, जिन पर लगभग 29 करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई।

लोक निर्माण विभाग द्वारा 8 सड़कों का निर्माण 32 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से प्रगति पर है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश कांग्रेस की सह-प्रभारी उषा नायडू ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता समाज और विकास के मजबूत स्तंभ हैं। उन्होंने विधायक सेना महेश पटेल द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की।आलीराजपुर कांग्रेस प्रभारी रामवीर सिकरवार ने कहा कि टैंकर वितरण जैसे कार्य क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों को दर्शाते हैं। उन्होंने मनरेगा बचाओ अभियान और S.L.R. समीक्षा को जनहित में महत्वपूर्ण पहल बताया।आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने कहा कि बिना विकास के समाज का सशक्तिकरण संभव नहीं है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि जोबट विधानसभा में विकास कार्यों की गति बनी रहेगी।कार्यक्रम का संचालन पूर्व जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश राठौर ने किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता, ब्लॉक अध्यक्ष, सरपंच, जनपद एवं जिला पंचायत सदस्य, पंच सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply

1