@सोनू सालवी

अलीराजपुर । राहगीरों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को जोबट पुलिस ने घटना के महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त देशी 12 बोर कट्टा, जिंदा कारतूस और होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल तथा एसडीओपी जोबट रविन्द्र राठी के पर्यवेक्षण में यह पूरी कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, 17 मई 2026 की रात करीब 10:15 बजे महेश उर्फ मॉन्टू पिता अन्तरसिंह बघेल निवासी कोल्याबयड़ा अपने साथी शेरसिंह भीलाला के साथ मोटरसाइकिल से शादी समारोह में जा रहा था। इसी दौरान जोबट-बोरी रोड स्थित डेकाकुण्ड सेमल्दा फाटा पर दो अज्ञात युवको ने अपनी बाइक खराब होने का बहाना बनाकर दोनों को रोकने का प्रयास किया।रात का समय होने के कारण महेश और उसके साथी ने बाइक नहीं रोकी। इस बात से नाराज आरोपियों में से एक ने लकड़ी से हमला किया, जबकि दूसरे आरोपी ने देशी 12 बोर कट्टे से फायर कर दिया। गोली बाइक पर पीछे बैठे महेश की कमर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।घटना की सूचना मिलते ही आलीराजपुर पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद थाना जोबट में अपराध क्रमांक 204/2026 धारा 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।जोबट पुलिस द्वारा लगातार संदिग्धों से पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 20 मई 2026 को थाना उदयगढ़ क्षेत्र के ग्राम सोलिया में दबिश देकर आरोपी सोहबत पिता सवा अमलियार (25 वर्ष) एवं दिवान पिता पातलिया बघेल (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। दोनों निवासी उदयगढ़ थाना क्षेत्र के सोलिया निवासी बताए गए।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी 12 बोर कट्टा, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त होंडा शाइन मोटरसाइकिल क्रमांक MP 09 QY 2833 जब्त की है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से अवैध हथियार के स्रोत के संबंध में पूछताछ कर रही है।

इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका

आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी जोबट निरीक्षक विजय वास्कले, थाना प्रभारी उदयगढ़ निरीक्षक ब्रजभूषण हीरवे, उपनिरीक्षक गोविन्द कटारे, प्रधान आरक्षक मदन, माधव मोरे, दिवान, आरक्षक रविन्द्र, अमलेश एवं साइबर सेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Share.
Leave A Reply