
@सोनु सालवी
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा सत्र के दौरान जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया से मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 192 जोबट के भवनविहीन आंगनवाड़ी केंद्रों की समस्या से अवगत कराया। विधायक ने मंत्री को पत्र सौंपते हुए क्षेत्र में आवश्यक आंगनवाड़ी भवनों की शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की मांग की।
विधायक सेना पटेल ने बताया कि जोबट विधानसभा क्षेत्र आदिवासी बहुल है और कई फलियों में आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन निजी मकानों में किया जा रहा है। कई स्थानों पर भवन कच्चे होने के कारण बच्चों के लिए पर्याप्त एवं सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पाती हैं। निजी मकानों में आवश्यक व्यवस्थाओं के अभाव के कारण अभिभावक भी बच्चों को आंगनवाड़ी केंद्र भेजने में रुचि नहीं लेते, जिससे केंद्रों पर आने वाले बच्चों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने मंत्री से आग्रह किया कि जोबट विधानसभा क्षेत्र में चिन्हित भवनविहीन आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए नए भवनों की स्वीकृति प्राथमिकता से प्रदान की जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित एवं सुविधायुक्त वातावरण मिल सके और महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं का लाभ ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों तक बेहतर तरीके से पहुंच सके।
विधायक सेना पटेल ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण व्यवस्था हैं। भवन के अभाव में इन सेवाओं का प्रभावी संचालन प्रभावित नहीं होना चाहिए। क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए सरकार को भवन निर्माण की स्वीकृति शीघ्र प्रदान करनी चाहिए।
मुलाकात के दौरान विधायक ने मंत्री को क्षेत्र की स्थिति से विस्तार से अवगत कराते हुए भवनविहीन आंगनवाड़ी केंद्रों की सूची भी प्रस्तुत की और जल्द कार्रवाई की मांग की।


