@सोनू सालवी
जोबट। आलीराजपुर कलेक्टर नीतू माथुर के आदेशानुसार, इंदौर संभाग उपायुक्त (आबकारी) इंदर सिंह जामोद के निर्देशानुसार तथा जिला आबकारी अधिकारी, जिला आलीराजपुर आर.एस. राय के मार्गदर्शन में अवैध मदिरा के विक्रय, कब्जा, चौर्यनयन एवं परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है।इसी अभियान के तहत आबकारी विभाग द्वारा जोबट क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बेचने, शराब पिलाने तथा मदिरापान के लिए अनधिकृत रूप से स्थान उपलब्ध कराने वाले ढाबों एवं अहातों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभागीय टीम द्वारा क्षेत्र में नियमित गश्त, निरीक्षण और आकस्मिक जांच के माध्यम से अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।आबकारी विभाग के अनुसार जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। लगातार हो रही कार्रवाई के चलते अवैध रूप से शराब बिक्री, परिवहन, भंडारण और अनधिकृत रूप से शराब पिलाने वालों के खिलाफ सख्त संदेश देने की बात विभाग ने कही है।विभाग का दावा है कि लगातार निगरानी और कार्रवाई के परिणामस्वरूप जोबट क्षेत्र में अवैध रूप से मदिरापान कराने एवं सेवन के लिए स्थान उपलब्ध कराने वाली गतिविधियों पर अंकुश लगा है। इसके साथ ही सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने और वैध मदिरा दुकानों में निर्धारित नियमों के पालन को बढ़ावा मिलने की बात भी कही गई है।आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। टीम द्वारा क्षेत्र में गश्त, निरीक्षण और आकस्मिक जांच लगातार की जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब बिक्री, परिवहन, भंडारण या अनधिकृत रूप से शराब पिलाने की जानकारी मिलने पर विभाग को सूचित करें।



