@सोनू सालवी
जोबट। ग्राम किलाजोबट स्थित अतिप्राचीन श्री ईश्वरा महादेव मंदिर में आज 12 फरवरी से भगवान शिव जी की सपरिवार दिव्य प्राण-प्रतिष्ठा एवं स्थापना महोत्सव का शुभारंभ हो गया। आयोजन के पहले दिन दोपहर 3 बजे किलाजोबट हनुमान मंदिर से भव्य मंगल जल यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में “हर हर महादेव” के जयघोष से माहौल भक्तिमय हो गया।यह पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन 16 फरवरी तक चलेगा। कार्यक्रम प्रतिष्ठा आचार्य पं. श्री अर्पण व्यास जी राजपुरोहित (समथर स्टेट, झांसी – उ.प्र.), राष्ट्रीय अध्यक्ष – विश्वव्यापी श्री वैदिक ब्राह्मण परिवार के सान्निध्य में संपन्न हो रहा है।

आयोजन समिति के अनुसार 13 फरवरी को विधिवत अधिवास, 14 फरवरी को सहस्त्रधारा महाभिषेक, पावन स्नान एवं शोभायात्रा, 15 फरवरी को भगवान शिव जी की सपरिवार प्राण-प्रतिष्ठा, स्थापना एवं महाआरती तथा 16 फरवरी को कन्या भोज एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।कार्यक्रम स्थल अतिप्राचीन श्री ईश्वरा महादेव मंदिर, कालीखेतार मार्ग, ग्राम किलाजोबट, जोबट, जिला आलीराजपुर (म.प्र.) है। आयोजन समस्त ग्रामवासी एवं मंदिर समिति द्वारा किया जा रहा है। समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।



