@सोनू सालवी

जोबट। वीर दुर्गादास राठौड़ की भव्य प्रतिमा का अनावरण 13 अगस्त गुरुवार को दोपहर 3 बजे तहसील कार्यालय के सामने आयोजित समारोह में किया जाएगा। अनावरण समारोह को लेकर नगरवासियों एवं राठौड़ समाज में उत्साह का माहौल है।
समाज के युवा आशीष राठौड़ की पहल रंग लाई
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2022 में आयोजित राठौड़ समाज के वार्षिक कार्यक्रम के दौरान समाज के युवा आशीष राठौड़ ने मंच से तत्कालीन सांसद गुमान सिंह डामोर के समक्ष जोबट नगर में वीर दुर्गादास राठौड़ की प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग रखी थी। इसके बाद कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान के प्रयासों तथा नगर परिषद जोबट के सहयोग से प्रतिमा निर्माण का कार्य पूर्ण कराया गया।
आयोजन में विशेष अतिथि रहेंगे उपस्थित
आयोजन समिति के अनुसार प्रतिमा अनावरण समारोह में विशेष अतिथि प्रभारी मंत्री संपतिया उइके, कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान, सांसद अनिता नागर सिंह चौहान, विधायक सेना महेश पटेल, पूर्व सांसद गुमान सिंह डामोर, भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष परवाल , पूर्व विधायक माधोसिंह डावर, जोबट विधानसभा प्रभारी विशाल रावत, वरिष्ठ समाजसेवी राकेश अग्रवाल, मुख्य नगर परिषद अधिकारी प्रिया मेहड़ा, नगर परिषद अध्यक्ष राहुल मोहनिया , नगर परिषद उपाध्यक्ष अमरलाल राठौड़ तथा पार्षद उमादेवी सुरेशचंद्र टवली , पूर्व प्रभारी सीएमओ संतोष राठौड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधियो को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

वीर दुर्गादास राठौड़ भारतीय इतिहास के महान योद्धाओं में गिने जाते हैं। उनकी प्रतिमा की स्थापना को नगर के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक गौरव से जोड़कर देखा जा रहा है। समाजजनों का मानना है कि यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देगी। आयोजन समिति ने नगरवासियों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।



