@सोनू सालवी

जोबट। नगर परिषद जोबट नगरी क्षेत्र में जनगणना 2026-27 को लेकर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 19 अप्रैल से किया गया है, जो 21 अप्रैल तक चलेगा। यह प्रशिक्षण शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जोबट में आयोजित किया जा रहा है। नगरीय क्षेत्र के चार्ज जनगणना अधिकारी संतोष राठौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित हो रहा है।

इसमें मास्टर ट्रेनर्स के रूप में प्राचार्य अरविंद बघेल एवं अविनाश वाघेला द्वारा समूह सदस्यों और पर्यवेक्षकों को विस्तृत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों के लिए चाय-नाश्ता एवं भोजन की भी समुचित व्यवस्था की गई है।

डिजिटल स्व-जनगणना के लिए अपील
अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे डिजिटल माध्यम से स्व-जनगणना में भाग लें। इसके लिए प्रशिक्षण में विस्तृत जानकारी दी जा रही है। स्व-जनगणना की प्रक्रिया 16 अप्रैल से प्रारंभ हो चुकी है, जो 30 अप्रैल तक जारी रहेगी।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जनगणना कार्य को सुचारू एवं सटीक रूप से संपन्न कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



