@सोनू सालवी

भोपाल। NEET परीक्षा में हुई अनियमितताओं, पेपर लीक और लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ हुए खिलवाड़ के खिलाफ देशभर में उठ रही आवाज़ को दबाने के लिए छात्रों पर किए गए लाठीचार्ज, फायरिंग और पुलिसिया बर्बरता के विरोध में आज मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक दल मुख्यमंत्री कक्ष के बाहर धरने पर बैठ गया।धरने में शामिल कांग्रेस विधायकों ने कहा कि देश का युवा अपने भविष्य और न्याय की मांग कर रहा है, लेकिन भाजपा सरकार छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज़ को दबाने का काम कर रही है।

NEET परीक्षा में हुए घोटाले ने लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों का विश्वास तोड़ा है, फिर भी केंद्र सरकार जवाबदेही तय करने से बच रही है।कांग्रेस विधायक दल ने प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा छात्रों के खिलाफ दिए गए बयान की भी कड़ी निंदा की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों का अपमान करने वाले इस बयान से प्रदेश के लाखों युवाओं की भावनाएं आहत हुई हैं। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी प्रदेश के युवाओं से माफी मांगते हुए अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।धरने के दौरान कांग्रेस विधायकों ने मांग की कि NEET परीक्षा मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए, छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की न्यायिक जांच कराई जाए तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा दें।कांग्रेस विधायक दल ने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य, शिक्षा और अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा तथा छात्रों की आवाज़ को किसी भी कीमत पर दबाने नहीं दिया जाएगा।

Share.
Leave A Reply