@सोनू सालवी

अलीराजपुर। भारतीय जनता पार्टी की जिला स्तरीय कार्यशाला शुक्रवार को भाजपा कार्यालय अलीराजपुर में संपन्न हुई। कार्यशाला के मुख्य वक्ता कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” जैसी सैन्य कार्रवाई भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति और सुरक्षा संकल्प का परिचायक है। कश्मीर में हिंदू पर्यटकों की निर्मम हत्या के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिए गए संकल्प को याद करते हुए मंत्री चौहान ने कहा कि “जो भी इस अमानवीय कृत्य में शामिल हैं, उन्हें पाताल से भी खोज कर दंडित किया जाएगा” – यही हमारे प्रधानमंत्री का स्पष्ट संदेश था।उन्होंने बताया कि इस हत्याकांड के बाद सेना को खुली छूट दी गई, जिसके बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान की सीमा में घुसकर आतंकियों और उनके अड्डों को निशाना बनाते हुए बड़ी कार्रवाई की। इस सफलता ने न केवल आतंकवाद पर करारा प्रहार किया, बल्कि भारत की सैन्य शक्ति का लोहा पूरी दुनिया ने माना।

मोदी युग’ में भारत बना वैश्विक शक्ति

कैबिनेट मंत्री चौहान ने कहा कि भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है, जो प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मोदी का 11 वर्ष का कार्यकाल संकल्प से सिद्धि की दिशा में बढ़ता भारत का उदाहरण है, और अब कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे संगठन के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक पहुंचाएं।

आपातकाल की याद दिलाई, कांग्रेस पर किया प्रहार

मंत्री चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो आज संविधान की दुहाई देते हैं, उन्होंने ही 1975 में आपातकाल लगाकर संविधान की हत्या की थी। लाखों निर्दोषों को जेलों में ठूंसा गया था, लोकतंत्र का गला घोंटा गया था। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें पहले अपने पूर्वजों के कृत्यों पर नजर डालनी चाहिए।

जिला अध्यक्ष ने दिए आगामी कार्यक्रमों के निर्देश

भाजपा जिला अध्यक्ष मकू परवाल ने कार्यशाला में आगामी आयोजनों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि 23 जून से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस से लेकर उनकी जयंती तक विभिन्न कार्यक्रम होंगे। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। 25 जून को आपातकाल की 50वीं बरसी को “काला दिवस” के रूप में बूथ स्तर पर मनाया जाएगा। 5 अगस्त तक पर्यावरण संरक्षण हेतु पौधारोपण अभियान चलेगा।”मोदी सरकार के 11 वर्ष: संकल्प से सिद्धि” विषयक कार्यक्रम भी सभी मंडलों में आयोजित किए जाएंगे।

भाजपा की पहचान: विचार और आचरण में समानता

जिला प्रभारी शैलेश दुबे ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सिर्फ राजनेता नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवक हैं। उन्होंने कहा कि हमारी कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है, यही भाजपा की पहचान है।

अन्य प्रमुख उपस्थितजन

कार्यशाला में भाजपा जिला प्रभारी शैलेश दुबे, भाजपा महामंत्री नरीन मोरी, उपाध्यक्ष मोंटू शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि जयपाल खरत, अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष विक्रम भयड़िया, मीडिया प्रभारी हितेंद्र शर्मा, सांसद अनीता नागरसिंह चौहान सहित सभी मंडल अध्यक्ष, प्रतिनिधि और जिला टोली के सदस्य मौजूद रहे। कार्यशाला का संचालन हितेंद्र शर्मा ने किया, और आभार नरीन मोरी ने माना।

Share.
Leave A Reply

1