@सोनू सालवी

अलीराजपुर। भाजपा के कार्यकर्ता केवल राजनीतिक दायित्वों तक सीमित नहीं रहते, बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं। यही विचार कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने शनिवार को उदयगढ़ मंडल में आयोजित भाजपा कार्यशाला को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।मंत्री चौहान ने कहा कि “भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र को सर्वोपरि मानते हैं और यही विचारधारा संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।

पार्टी से जुड़ा हर व्यक्ति केवल चुनाव नहीं, समाज और देश निर्माण का भागीदार होता है।”कार्यशाला में संगठनात्मक मजबूती के साथ सामाजिक उत्तरदायित्वों पर भी चर्चा की गई। मंत्री चौहान ने बताया कि पार्टी संगठन ने पाँच प्रमुख कार्य तय किए हैं, जिसमें सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार, राष्ट्र सुरक्षा पर संवाद और ‘एक पौधा माँ के नाम’ अभियान जैसे कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि 5 अगस्त तक अधिकतम वृक्षारोपण का लक्ष्य तय किया गया है ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण मिल सके।मंत्री ने अपने संबोधन में आपातकाल के दौर को देश का काला अध्याय बताते हुए कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की संविधान के प्रति सोच देश को कभी नहीं भूलनी चाहिए।कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण से की गई।इस अवसर पर मंच पर जिला महामंत्री मांगीलाल चौहान, जनपद अध्यक्ष विद्या नलवाया, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष भावना नागर, पूर्व जनपद अध्यक्ष कमरू अजनार, मंडल अध्यक्ष जितेंद्र गुजराती, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजू मुवेल और वरिष्ठ भाजपा नेता दशरथ सिंह चंदेल उपस्थित रहे।कार्यशाला की जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी हितेंद्र शर्मा ने दी।

Share.
Leave A Reply

1