@सोनू सालवी

आलीराजपुर। थाना जोबट पुलिस ने नकबजनी की बड़ी वारदात का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के दो सोने के हार, जिनकी कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है, तथा घटना में प्रयुक्त लोहा काटने का कटर (ग्राइंडर) जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने बताया कि 4-5 फरवरी 2026 की मध्यरात्रि को अज्ञात बदमाशों ने फरियादी जितेन्द्र पिता भेरूसिंह अजनार, निवासी दीनदयाल कॉलोनी, मिशन अस्पताल के सामने, जोबट के सूने मकान का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया। आरोपियों ने अंदर रखी गोदरेज अलमारी का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोना-चांदी व आर्टिफिशियल जेवरात चोरी कर लिए। उस समय फरियादी कश्मीर पिकनिक पर गया हुआ था। सूचना मिलते ही वह वापस लौटा और थाना जोबट में रिपोर्ट दर्ज कराई। इस पर अपराध क्रमांक 51/2026 धारा 331(4), 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल एवं एसडीओपी जोबट रविन्द्र राठी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय वास्कले के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, साइबर सेल की मदद ली तथा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।

जांच के दौरान पुलिस ने आशु पिता वेस्ता वास्केल (18 वर्ष), निवासी सिगांड़ फलिया, ग्राम पनेरी, थाना जोबट को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर लोहा काटने के कटर से दरवाजे का नकुचा काटकर घर में घुसना और जेवरात चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि चोरी का माल आपस में बांट लिया था। पुलिस के डर से उसने अपने हिस्से के दो सोने के हार जंगल में पत्थर के नीचे छिपाकर रखे थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया।

पुलिस द्वारा शेष दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनसे भी चोरी का माल बरामद किया जाना बाकी है।

सराहनीय भूमिका रही – थाना प्रभारी निरीक्षक विजय वास्कले, उपनिरीक्षक धनराज सेमिया, सहायक उपनिरीक्षक मोहन मुझाल्दा, आरक्षक गजेन्द्र, मनीष, रवि तथा साइबर सेल टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Share.
Leave A Reply

1