@सोनू सालवी

जोबट। गणगौर पर्व के अवसर पर नगर में भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा रामकृष्ण नगर, नर्मदा नगर, चारभुजा चौराहा, खट्टाली रोड व जेल रोड से प्रारंभ होकर बड़ा बस स्टैंड, कृष्ण मंदिर चौपाटी, गांधी चौक, सोनी मोहल्ला एवं कुम्हार मोहल्ला सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।

यात्रा के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर सुसज्जित रथ धारण कर विभिन्न स्थानों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए, जो आकर्षण का केंद्र रहे।

मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा माता गणगौर की पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। जयकारों से पूरा नगर गुंजायमान रहा और वातावरण भक्तिमय बना रहा।


शोभायात्रा शिवालय प्रांगण पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ माता गणगौर की भव्य आरती की गई तथा ज्वारों का विसर्जन किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसादी का वितरण किया गया।आयोजन के दौरान नगर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। विभिन्न स्थानों पर समाजसेवियों द्वारा जलपान की व्यवस्था की गई।


वहीं सुरक्षा एवं व्यवस्था के मद्देनजर प्रशासन मुस्तैद रहा और थाना प्रभारी विजय वास्कले पुलिस बल के साथ मौजूद रहे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।




